इंदौर के नवविवाहित दंपती, राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी, शिलांग में हनीमून के दौरान रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। दोनों की शादी हाल ही में 11 मई को संपन्न हुई थी और वे 20 मई को हनीमून मनाने के लिए रवाना हुए थे।
परिवार के अनुसार, दंपती इंदौर से बेंगलुरु होते हुए गुवाहाटी पहुंचे थे और मां कामाख्या के दर्शन करने के बाद 23 मई को मेघालय के शिलांग के लिए रवाना हुए। प्रारंभिक दिनों में परिजनों का संपर्क दंपती से बना रहा, लेकिन बाद में संपर्क पूरी तरह टूट गया। राजा के भाई सचिन रघुवंशी ने पहले नेटवर्क समस्या समझी, परंतु 24 मई से दोनों के मोबाइल पूरी तरह बंद हो गए, जिससे परिजन चिंतित हो उठे।
आखिरी लोकेशन और लावारिस स्कूटी
गूगल मैप्स के जरिए सोनम के भाई गोविंद ने दोनों की संभावित लोकेशन ट्रेस की, जिससे पता चला कि उन्होंने शिलांग के संवेदनशील क्षेत्र ओसरा हिल में किराए की एक्टिवा स्कूटर के साथ अंतिम बार लोकेशन साझा की थी। यह स्कूटर एक खाई के पास लावारिस अवस्था में बरामद की गई है।
स्थानीय रेंटल एजेंसी से संपर्क करने पर पुष्टि हुई कि दंपती ने वहीं से एक्टिवा किराए पर ली थी और ओसरा हिल की ओर रवाना हुए थे। इसी इलाके में स्थित एक रिसॉर्ट, ‘ओरसा’, पहले से ही संदिग्ध गतिविधियों के लिए बदनाम है।
भाषा बनी बड़ी बाधा, इंदौर पुलिस भी जुटी
स्थानीय भाषा की जानकारी न होने के कारण परिवार को पुलिस से समन्वय में दिक्कत आई। इसके बाद इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से संपर्क किया गया, जिन्होंने मामले को गंभीर मानते हुए डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी को जांच के लिए नियुक्त किया। त्रिपाठी शिलांग पुलिस के साथ लगातार संपर्क में हैं।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इलाका पूर्व में भी ऐसे मामलों के लिए कुख्यात रहा है। कुछ समय पहले भी एक और नवविवाहित जोड़ा यहां रहस्यमयी तरीके से लापता हो चुका है, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते हैं।
फिलहाल, दंपती की तलाश में स्थानीय पुलिस और परिवार के सदस्य हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।




