रतलाम में बछड़ा गिरने की घटना ने सोमवार को पूरे शहर का माहौल गर्मा दिया। जैन स्कूल के पास कचरा वाहन से मृत बछड़ा गिरा और देखते ही देखते सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया। गुस्साए लोग नारेबाजी करते हुए बछड़े को नगर निगम दफ्तर ले गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।

नगर निगम में हंगामा
लोगों का आरोप था कि कचरा वाहन चालक और हेल्पर रुपए लेकर मृत जानवर उठाते हैं। जब बोरा सड़क पर गिरा तो उन्होंने गाड़ी तक नहीं रोकी। इस लापरवाही के कारण विरोध और चक्काजाम की नौबत आ गई। नगर निगम में दो घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
दरोगा पर गिरी गाज
नगर निगम कमिश्नर ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्ड दरोगा सतीश चौहान को सस्पेंड कर दिया। साथ ही दो जोन प्रभारियों को नोटिस जारी किया गया है और तीन दिन में जवाब मांगा गया है। ड्रायवर सादीक कुरैशी और हेल्पर करण गौसर को नौकरी से हटा दिया गया है।
पुलिस केस दर्ज
गोरक्षा संगठन के नेता योगेश चौहान की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि मृत बछड़ा शहर की सड़कों पर गिराकर उन्होंने संक्रमण फैलाने का जोखिम पैदा किया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
महापौर पहुंचे, माहौल शांत
जब विरोध बढ़ा तो महापौर प्रहलाद पटेल मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वासन दिया कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके बाद माहौल कुछ शांत हुआ। मृत बछड़े को बाद में ट्रेंचिंग ग्राउंड ले जाकर दफनाया गया।
रतलाम में बछड़ा गिरने की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नगर निगम के जिम्मेदार आखिर कब तक लापरवाही करेंगे। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई जरूर की है, लेकिन लोगों का भरोसा तभी लौटेगा जब दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।



