
भोपाल: ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश होते ही गिरफ्तार यासीन मछली ने जेल में बड़ा खुलासा किया है। अधिकारियों से बातचीत में उसने माना कि वह पार्टियों में MD ड्रग्स लेता था, जिससे उसे थकान नहीं होती थी और वह पूरी रात नाच सकता था।
जेल में बदले नियम, पर छिपे सच उजागर
यासीन ने जेल में अब तक किसी खास सुविधा की मांग नहीं की है। समय पर नाश्ता और खाना ले रहा है, सुबह व्यायाम करता है। लेकिन उसका यह संयम अब भी उसके ड्रग्स से जुड़े अतीत को नहीं छुपा पाया।
दो दिन बाद भी नहीं आया कोई मिलने
जेल सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के दो दिन बाद भी यासीन से मिलने कोई नहीं आया है। जेल प्रबंधन ने उसकी निगरानी के लिए विशेष बंदियों को उसके आसपास तैनात किया है।
चाचा शाहवर की सफाई: ‘मैं निर्दोष हूं, राजनीति का शिकार’
शाहवर ने जेल में अपनी बेगुनाही की दलील दी है। उसने अधिकारियों को बताया कि ड्रग तस्करी से उसका कोई नाता नहीं है और उसे यासीन की गलती की सजा मिल रही है।
नई रेप FIR: यासीन पर लगे गंभीर आरोप
एमपी नगर थाना पुलिस ने यासीन पर एक और रेप की FIR दर्ज की है। इससे पहले महिला थाने में भी यौन शोषण का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
गिरफ्त में आया ‘जग्गा’
यासीन के नेटवर्क से जुड़े जगजीत सिंह उर्फ जग्गा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पता चलता है कि यासीन के संपर्क कितने व्यापक थे और ड्रग्स की यह चेन कितनी गहराई तक फैली थी।
पुलिस यासीन और शाहवर दोनों के खिलाफ मजबूत केस तैयार कर रही है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।




