नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र में चुनाव में धोखाधड़ी कर जीत हासिल की और भविष्य में इसी तरह की मैच फिक्सिंग बिहार सहित अन्य राज्यों में भी की जाएगी।

राहुल गांधी ने The Indian Express में लिखे एक लेख में आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगियों ने चुनाव जीतने के लिए पाँच चरणों में योजना बनाई थी। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र जैसे राज्यों में चुनाव में फिक्सिंग करना लोकतंत्र के लिए जहर है। इससे संस्थाएं कमजोर होती हैं और जनता का चुनावी परिणामों पर भरोसा खत्म हो जाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह कोई मामूली चुनावी गड़बड़ी नहीं, बल्कि बड़ी साजिश थी जिसमें देश की अहम संस्थाओं को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की गई।
राहुल ने भाजपा सरकार के चुनाव आयुक्त नियुक्ति कानून पर भी निशाना साधा। उनका कहना है कि इस कानून में मुख्य न्यायाधीश (CJI) की जगह केंद्रीय मंत्री को नियुक्ति समिति में शामिल किया गया, जिससे निष्पक्षता खत्म हो गई।
भाजपा ने राहुल के आरोपों को खारिज करते हुए इसे “शर्मनाक” बताया। भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा कि राहुल फिर से देश की संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने इस मामले पर कई बार स्पष्ट जवाब दे चुका है।
महाराष्ट्र में 23 नवंबर 2024 को हुए विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन ने 230 सीटें जीती थीं, जिसमें भाजपा को 132 सीटें मिलीं। वहीं, कांग्रेस नेतृत्व वाले महा विकास अघाड़ी को 46 सीटें मिली थीं।
राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका के बोस्टन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए भी चुनावी मुद्दों पर चिंता जताई थी।




