रतलाम में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस ने आधी रात को शहरभर में तलाशी अभियान चलाया। संदिग्धों से पूछताछ और बिना कारण घूमने वालों पर कार्रवाई की गई।
रतलाम शहर में बीते कुछ दिनों से बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने शनिवार रात विशेष तलाशी अभियान चलाया। रतलाम पुलिस रात अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर बेवजह घूमने वाले युवकों को रोका गया और उनके वाहनों की जांच की गई।

पुलिस की रातभर मुस्तैदी
रात करीब 11 बजे से लेकर देर रात तक सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और शहर के विभिन्न थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ मिलकर शहरभर में निगरानी की। स्टेशन रोड, डीडी नगर, माणक चौक और शहर सराय जैसे संवेदनशील इलाकों में चेकिंग की गई।
बाइक पर तीन से चार सवार, जवाब नहीं मिलने पर जब्त
अभियान के दौरान कई बाइक पर तीन-तीन युवक सवार पाए गए। पूछताछ में ठोस कारण नहीं बता पाने वालों की बाइकें थाने भेजी गईं। एक बाइक पर चार युवकों को देख सीएसपी ने खुद ओवरटेक कर बाइक को रोका और उन्हें पुलिस थाने भेजा।
पुलिस को देख बदल लिया रास्ता
शहर सराय चौराहे के आसपास जैसे ही युवकों ने पुलिस को देखा, उन्होंने अपनी बाइक का रुख दूसरी दिशा में मोड़ दिया। हालांकि, चारों ओर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया और पूछताछ की।
रेलवे स्टेशन के पास तलाशी
देर रात पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड, प्लेटफॉर्म नंबर 2 से 4 तक क्षेत्र में सघन चेकिंग की। यहां देर रात चाय व स्नैक्स की दुकानें खुली मिलीं, जिन्हें तत्काल बंद कराया गया। दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि अनावश्यक भीड़ न जुटाएं।
युवक चाकू के साथ पकड़ा गया
तलाशी के दौरान औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया। उसकी तलाशी में चाकू बरामद हुआ। युवक से देर रात तक पूछताछ जारी रही।
पुलिस का स्पष्ट संदेश
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि,
“बेवजह रात में घूमने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए तलाशी अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।”
एक सप्ताह में दो हत्याएं
- 28 मई की रात शहर के कालिका माता क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
- 6 जून को स्टेशन रोड इलाके में 17 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी, जो चाय पीने के लिए घर से निकला था।




