मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। बिहार एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की गाड़ी दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर पलट गई। इस हादसे में दो जवानों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज रतलाम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

एसपी अमित कुमार ने बताया कि बिहार एसटीएफ के जवान गया से गुजरात के गांधीधाम किसी रेड के लिए जा रहे थे। रास्ते में रतलाम के पास एक्सप्रेसवे पर उनकी स्कॉर्पियो कार पलट गई।
हादसे में जान गंवाने वाले:
- मुकुंद मुरारी (सब इंस्पेक्टर)
- विकास कुमार (कॉन्स्टेबल)
घायल जवान:
- संतोष कुमार (सब इंस्पेक्टर)
- जीवधारी कुमार (कॉन्स्टेबल)
- मिथिलेश पासवान (कॉन्स्टेबल)
- रंजन कुमार (कॉन्स्टेबल)
हादसे के बाद रतलाम पुलिस के एसपी, एएसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस का कहना है कि हादसे की वजह संभवतः तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है।




