इंदौर में कोरोना संक्रमण फिर उभर रहा है। तीन नए मरीज सामने आए हैं, जिनमें एक इंदौर का है। कुल एक्टिव केस की संख्या 7 हो गई है। सैंपल जीनोम टेस्ट के लिए एम्स भोपाल भेजे गए हैं।
इंदौर में एक बार फिर कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। रविवार को सामने आए तीन मामलों में एक इंदौर निवासी 37 वर्षीय युवक है, जबकि दो अन्य देवास और एक अन्य जिले से हैं। सभी मरीजों को हल्के लक्षण थे, जिसके बाद उन्हें होम आइसोलेट कर दिया गया है
सीएमएचओ डॉ. बीएस सेतिया ने जानकारी दी कि अब तक शहर में इस वर्ष कोरोना के कुल 21 केस दर्ज हो चुके हैं। इनमें से 7 मरीज अभी भी एक्टिव हैं। संक्रमित युवक के संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी टेस्टिंग भी की जा रही है।
सभी संक्रमितों के सैंपल को एहतियातन जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए एम्स भोपाल भेजा गया है। हालांकि, अब तक किसी भी सैंपल की रिपोर्ट नहीं आई है, जिससे यह साफ नहीं हो पाया है कि वायरस का कौन सा वेरिएंट फैल रहा है।
इधर, कोविड-19 डेशबोर्ड के अनुसार, पूरे देश में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 3758 हो चुकी है, जबकि मध्यप्रदेश में यह संख्या 19 हो गई है। 22 मई को इंदौर में दो केस सामने आने के बाद से आंकड़े में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
डॉ. सेतिया ने यह भी बताया कि हाल ही में बताई गई कोरोना से मृत्यु दरअसल अप्रैल की घटना थी, और मरीज की मौत कोरोना से नहीं बल्कि किडनी संबंधी समस्याओं के कारण हुई थी।




