बर्थडे पार्टी के बाद दर्दनाक सड़क हादसा, डिप्टी रजिस्ट्रार की मौत

भोपाल में बर्थडे पार्टी से लौटते समय कार की टक्कर से डिप्टी रजिस्ट्रार की मौत, कार चालक फरार, जांच जारी।

भोपाल: शहर के ईटखेड़ी इलाके में रविवार देर रात एक हंसता-खेलता जन्मदिन जश्न दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। एक निजी कॉलेज में डिप्टी रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत राजेश अहिरवार (25) की पार्टी से लौटते वक्त सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर है और पूरे इलाके में इस दुर्घटना को लेकर दुख और आक्रोश है।

पार्टी के बाद सड़क किनारे खड़े थे

30 मई को राजेश का जन्मदिन था, लेकिन व्यस्तता के चलते वे उसी सप्ताह रविवार को अपने दोस्तों के साथ ईटखेड़ी स्थित “यादव ढाबा एंड रेस्टोरेंट” पहुंचे। केक काटने और डिनर के बाद सभी बाहर निकले और बाइक के पास खड़े होकर बातें कर रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार ने राजेश को पीछे से टक्कर मार दी।

कार का नंबर नोट नहीं हो सका

टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेश और उनका एक दोस्त सड़क पर गिर पड़े। ड्राइवर मौके से कार लेकर फरार हो गया। घबराहट में कोई भी कार का नंबर नोट नहीं कर पाया। तुरंत राहगीरों और दोस्तों ने घायल युवकों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान सुबह करीब 4 बजे राजेश की मौत हो गई।

होनहार युवक, परिवार कर रहा था शादी की तैयारी

राजेश अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और लांबाखेड़ा के एकता नगर में अपने माता-पिता और दो छोटे भाइयों के साथ रहता था। वह पढ़ाई में तेज था और कम उम्र में ही कॉलेज में डिप्टी रजिस्ट्रार जैसे पद पर कार्यरत हो गया था। परिजन उसकी शादी के लिए लड़कियों को देख रहे थे और हाल ही में कई रिश्ते भी सामने आए थे।

पुलिस जांच में जुटी

ईटखेड़ी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। चश्मदीदों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस कार और आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग सोशल मीडिया पर भी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

  • Related Posts

    रतलाम में बछड़ा गिरने से हंगामा: दरोगा सस्पेंड, ड्रायवर-हेल्पर पर केस

    रतलाम में बछड़ा गिरने की घटना ने सोमवार को पूरे शहर का माहौल गर्मा दिया। जैन स्कूल के पास कचरा वाहन से मृत बछड़ा गिरा और देखते ही देखते सड़क…

    ईद मिलादुन्नबी जुलूस में जुगाड़ फटाके और बैसबॉल जब्त

    रतलाम। ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में इस बार पुलिस को चौंकाने वाली चीजें देखने को मिलीं। कुछ युवक मशीनगन जैसी जुगाड़ फटाका मशीन लेकर नाचते-गाते जुलूस में शामिल हो गए।…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *