इंदौर
राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम से जुड़ा एक नया CCTV फुटेज शिलांग के एक होटल से सामने आया है। यह वीडियो 22 मई का बताया जा रहा है, जिसमें दोनों एक मोपेड से होटल पहुंचते नजर आते हैं। यह वही मोपेड है जो बाद में लावारिस हालत में बरामद की गई थी।

वीडियो में दोनों लगभग पांच मिनट तक होटल के बाहर दिखाई देते हैं। इस दौरान सोनम ने जो लाल और नीले रंग की जैकेट पहनी थी, वैसी ही जैकेट कुछ दिन बाद खाई के पास खून से सनी हालत में मिली थी। पुलिस इस फुटेज को जांच में एक अहम सुराग मान रही है।
सीसीटीवी में देखा गया कि होटल के बाहर रुकने के बाद सोनम ने जैकेट उतारी और फिर दोनों होटल के अंदर गए। कुछ देर बाद वे अपना सामान रखकर बाहर निकलते नजर आए। इस वीडियो के सामने आने से पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जो जांच में मददगार हो सकती हैं।
दंपती की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। इसके बाद 20 मई को दोनों हनीमून के लिए रवाना हुए। वे इंदौर से बेंगलुरु होते हुए गुवाहाटी पहुंचे और वहां से 23 मई को शिलांग के लिए रवाना हुए। शुरूआत में परिजनों से संपर्क बना रहा, लेकिन 24 मई के बाद से दोनों के मोबाइल बंद आने लगे, जिससे परिवार को चिंता हुई।

राजा के भाई सचिन को शुरुआत में लगा कि नेटवर्क की दिक्कत हो सकती है। लेकिन जब लगातार संपर्क नहीं हुआ तो सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन इमरजेंसी फ्लाइट से शिलांग पहुंचे और सर्चिंग टीम से जुड़कर तलाश शुरू की।
2 जून को पुलिस को राजा का शव एक खाई में मिला। वहीं सोनम का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और परिवार दोनों उसकी तलाश में लगे हैं।
राजा के भाई विपिन ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की CBI जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मेघालय पुलिस की जांच से उन्हें संतोष नहीं है और निष्पक्ष जांच के लिए यह जरूरी है।
सोनम के भाई गोविंद फिलहाल शिलांग में ही रुके हुए हैं। परिवार का कहना है कि वे सिर्फ चाहते हैं कि सोनम सुरक्षित मिले। सोनम के पिता पैरालाइज्ड हैं और घर पर सभी लोग उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।




