इंदौर में महिला क्रिकेट की आड़ में चला ऑनलाइन सट्टा रैकेट, इंटरस्टेट लिंक से दिल्ली-यूपी की लड़कियां शामिल

इंदौर के राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिला क्रिकेट के नाम पर चल रहे एक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का खुलासा किया है। यह रैकेट बिजलपुर स्थित ट्रेजर टाउन कॉलोनी के एक क्रिकेट टर्फ पर संचालित हो रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक दिल्ली निवासी अनुराग दलाल भी शामिल है, जो इंदौर में किराए पर रहकर यह अवैध कारोबार चला रहा था।

दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड से बुलाई जाती थीं लड़कियां

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस रैकेट के लिए लड़कियों को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली जैसे राज्यों से किराए पर बुलाया जाता था। ये महिलाएं पेशेवर खिलाड़ी नहीं थीं, और पुलिस को संदेह है कि इनमें से कई का कनेक्शन देह व्यापार से भी हो सकता है। कुछ महिलाओं के मोबाइल में संदिग्ध संपर्क मिलने पर यह शक और गहरा हो गया है।

24 घंटे चलता था फिक्स मैचों का खेल

सूत्रों के अनुसार, क्रिकेट टर्फ पर 24 घंटे में अलग-अलग शिफ्ट में महिला क्रिकेट मैच करवाए जाते थे। प्रत्येक शिफ्ट 8 घंटे की होती थी। राजस्थान निवासी ‘खुशी’ नाम की महिला लड़कियों की व्यवस्था करती थी, जो पहले खुद भी इस नेटवर्क का हिस्सा रह चुकी है।

यूट्यूब और टेलीग्राम पर होता था सीधा प्रसारण

इस सट्टा नेटवर्क की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि मैच पूरी तरह स्क्रिप्टेड और फिक्स होते थे। पहले से तय होता था कि कौन बल्लेबाज कितने रन बनाएगा, कब आउट होगा, कौन सी टीम जीतेगी या हारेगी। यह सब कुछ यूट्यूब और टेलीग्राम पर लाइव प्रसारित किया जाता था।

सट्टा ऐप ‘1x’ से जुड़ा नेटवर्क

दिल्ली में बैठा सिद्धार्थ राय नामक युवक इस पूरे सट्टे का ऑनलाइन संचालन ‘1x’ ऐप के जरिए करता था। यह ऐप भारत में पहले से ही प्रतिबंधित श्रेणी में आता है।

होटलों में ठहराई जाती थीं लड़कियां

लड़कियों को इंदौर के आसपास स्थित होटलों में ठहराया जाता था। गोरखपुर निवासी आदर्श नामक युवक भी इस पूरे रैकेट में अहम भूमिका निभा रहा था। वह हर मैच की स्क्रिप्ट और मैदान में संचालन की जिम्मेदारी संभालता था।

अब तक सिर्फ जुआ एक्ट की धाराओं में कार्रवाई

पुलिस ने अभी तक सिर्फ जुआ एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की है और दोनों आरोपियों को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, इस रैकेट का दायरा बेहद बड़ा है और आने वाले दिनों में हाई-प्रोफाइल इंटरस्टेट सट्टा गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।

  • Related Posts

    रतलाम में बछड़ा गिरने से हंगामा: दरोगा सस्पेंड, ड्रायवर-हेल्पर पर केस

    रतलाम में बछड़ा गिरने की घटना ने सोमवार को पूरे शहर का माहौल गर्मा दिया। जैन स्कूल के पास कचरा वाहन से मृत बछड़ा गिरा और देखते ही देखते सड़क…

    ईद मिलादुन्नबी जुलूस में जुगाड़ फटाके और बैसबॉल जब्त

    रतलाम। ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में इस बार पुलिस को चौंकाने वाली चीजें देखने को मिलीं। कुछ युवक मशीनगन जैसी जुगाड़ फटाका मशीन लेकर नाचते-गाते जुलूस में शामिल हो गए।…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *