डीबी मॉल भोपाल में ‘जंगल वास’ संस्था ने मध्यप्रदेश का पहला ओपन ऑक्सीजन स्टेशन तैयार किया है। जानिए कैसे आप भी अपने घर की छत या ऑफिस में बना सकते हैं मिनी जंगल
भोपाल के डीबी मॉल में दिखेगा मिनी जंगल का नजारा, फ्री में कर सकेंगे विजिट
भोपाल में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। राजधानी के डीबी मॉल में मध्यप्रदेश का पहला ओपन ऑक्सीजन स्टेशन शुरू किया गया है। यह 1 जून से 5 जून तक लोगों के लिए खुला रहेगा और इसे फ्री में देखा जा सकता है।
‘जंगल वास’ संस्था की संस्थापक साक्षी भारद्वाज ने इसे तैयार किया है। साक्षी माइक्रोबायोलॉजी में पीएचडी हैं और अब तक 6000 से अधिक पौधे लगाकर 6 मिनी फॉरेस्ट तैयार कर चुकी हैं।
ऑक्सीजन स्टेशन की खास बात यह है कि इसमें प्राकृतिक खाद, कम्पोस्ट और हैंडपिक्ड पौधों का इस्तेमाल किया गया है। ये सभी पौधे भारत सहित विदेशों से चयनित किए गए हैं, जिनमें से कई इनडोर और आउटडोर हैं।
ऑक्सीजन स्टेशन को पूरी तरह से कस्टमाइज किया जा सकता है। जो भी इसे अपने घर या ऑफिस में लगवाना चाहता है, उनके लिए ‘जंगल वास’ की टीम जगह का निरीक्षण कर डिजाइन तैयार करती है और उपयुक्त पौधों का चयन करती है।
यह पहल न सिर्फ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाती है, बल्कि यह एक नया ग्रीन बिज़नेस मॉडल भी बन सकती है, जिसमें शुद्ध हवा, हरियाली और मानसिक शांति मिलती है।




